प्यार के रंग में रंगने को तैयार ‘लव रेज़’

सारा जहां लाइव ब्यूरो, मुंबई।
– फोर सिटी वन इमोशन
– ज़मीनी मुद्दे उठाती है फिल्म
– चार कहानियों का अदभुत संगम
बदलाव के दौर से गुज़र रहे बॉलीवुड में इन दिनों साहस के सिनेमा को भी दर्शकों का प्यार मिलने लगा है। यही वज़ह है कि कम बजट की इंडी फिल्में भी सिनेमा के पर्दे से लेकर ओटीटी तक सराही जाने लगी हैं। सोशल मीडिया के आने से अब फिल्मों के बारे में जानकारी बड़ी आसानी से लोगों तक पहुंचने लगी है। तभी तो बिना भारी भरकम प्रचार-प्रसार के भी ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्में ‘माउथ पब्लिसिटी‘ से ही ‘ब्लॉकबस्टर‘ हो जाती हैं। हालांकि, फिल्म में अच्छी कहानियों के सफल होने की गुंजाइश हमेशा रही है। लेकिन इस समय इसका रेशियो बढ़ गया है। इसी कड़ी में एक और फिल्म ‘लव रेज़’ दर्शकों के बीच आने को तैयार है। पिछले दिनों मुंबई में इसका खास प्रिव्यू मीडिया, कलाकारों और सिनेमा के समीक्षकों के बीच रखा गया। अदहन क्रिएशन के बैनर तले बनी फिल्म ‘लव रेज़’ के निर्माता-निर्देशक हैं मनोज कृष्ण। पत्रकारिता से बनारस, इलाहाबाद वाया दिल्ली होते हुए मुंबई मायानगरी में आए मनोज कृष्ण की ‘लव रेज़’ डेब्यू फिल्म है।

इसमें पंचायत फेम चंदन रॉय, नंद किशोर पंत, त्रिपुरारी यादव, बसंत, रवि और राजेश रमन के साथ ही सिमरन, राजश्री ने अभिनय किया है। जल्दी ही, लव रेज़ को टीएनवी फिल्म्स के बैनर तले रिलीज किया जाएगा। इस बारे में बताते हुए टीएनवी के डायरेक्टर प्रज्ञेश कुमार सिंह ने बताया कि उनकी कम्पनी हमेशा सिनेमा के नये प्रयोगों के साथ खड़ी है। उनकी कोशिश रहेगी कि ‘लव रेज़’ जल्दी से जल्दी सिनेमाघरों के जरिए ऑडिएंस के बीच पहुंचे।
फिल्म ‘लव रेज़’ का क्रॉफ्ट एक एन्थोलॉजी फिल्म है, जिसमें प्यार और जुड़ाव की चार कहानियां सिनेमाई परदे पर चमकती नज़र आती हैं। इन कहानियों को बेहद ख़ूबसूरती से दिल्ली-एनसीआर, मुबई, कोलकाता और मथुरा के आसपास की लोकेशन पर फिल्माया गया है। फिल्म में चार गाने हैं। इनमें से तीन गानों को मशहूर गायिका मधुश्री भट्टाचार्य ने अपनी आवाज़ दी है। इसमें एक गाना देशभर में लड़कियों पर हो रहे अत्याचार, रेप और मर्डर का विरोध करने वाला है। फिल्म की कथा, पटकथा और सारे गीत मनोज कृष्ण ने ही लिखे हैं। फिल्म के कोलकाता शेड्यूल में एक गाना गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की रचना है। ‘लव रेज़’ के गीतों को अपनी धुनों से सजाया है रॉबी बादल ने। फिल्म प्रिव्यू में मशहूर आर्ट डायरेक्टर जयंत देशमुख, कलाकार शिशिर शर्मा, स्वरूप भट्टाचार्य, राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त निर्देशक सुभ्रांशु दास, ब्रजमोहन शर्मा समेत तमाम हस्तियां मौजू़द रहीं।

महत्वपूर्ण जानकारी
फिल्म का नाम – लवरेज़
अवधि – ढाई घंटा
निर्माता – अदहन क्रिएशन
लेखक-निर्देशक – मनोज कृष्ण
संगीत- रॉबी बादल
डीओपी – अरूप मंडल
एडिटर – मलय कृष्ण
वितरक – टीएनवी फिल्म्स
स्टूडियो – सर्कल क्रिएशन
कलाकार – चंदन रॉय, नंद किशोर पंत, बसंत, त्रिपुरारी यादव, रवि, राजेश रमन, सिमरन और राजश्री



