साहित्यकार कृपाशंकर होंगे ‘राघव आलोक स्मृति सम्मान’ से सम्मानित

सारा जहां ब्यूरो।
जमशेदपुर में साहित्यप्रेमियों के लिए 5 जुलाई का दिन खास होने जा रहा है। भोजपुरी भवन, साकची में आयोजित होने वाले भव्य साहित्यिक समारोह में साहित्यकार कृपाशंकर को सातवें ‘राघव आलोक स्मृति सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न साहित्यकार, कवि, लेखक और बुद्धिजीवी एक मंच पर जुटेंगे।

प्रसिद्ध लेखक कृपाशंकर को उनके लंबे साहित्यिक योगदान और साहित्य के विकास में अहम भूमिका तथा रचनात्मक लेखन के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया जाएगा। उनकी कई रचनाएं पाठकों के बीच लोकप्रिय रही हैं और साहित्य जगत में उन्हें विशेष पहचान मिली है।
इस सम्मान के पूर्व कृपाशंकर को कथा लेखन के लिए दिल्ली में रमाकांत स्मृति सम्मान, नार्वे में प्रेमचंद सम्मान, रांची में कमलेश्वर सम्मान, थियेटर के लिए पटना में संस्कृति मंत्रालय द्धारा सूत्रधार सम्मान और कई अन्य सम्मान मिल चुके हैं।
गौरतलब है कि प्रो. राघव आलोक झारखंड के प्रसिद्ध कथा लेखक थे और पत्रिका ‘दस्तक’ के संपादक थे।



