राज्य

नीतीश ने बिहार के जनादेश के साथ द्रोह किया: अमित शाह

औरंगाबाद (बिहार): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने यहां शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा में उन्होंने बिहार के जनादेश के साथ द्रोह किया है।

औरंगाबाद में छह जिलों के भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शाह ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद और नीतीश कुमार पर ‘धोखेबाज’ होने का आरोप लगाते हुए कहा कि ये दोनों नए कपड़े पहनकर फिर आए हैं, लेकिन लोगों को इन धोखेबाजों से सावधान रहने की जरूरत है। 

लालू को अपराध और कांग्रेस को भ्रष्टाचार का प्रतीक बताते हुए उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद सामाजिक न्याय और समाजवाद की बात करते हैं, लेकिन वास्तविकता है कि उनका समाजवाद उनके परिवार तक ही सीमित है। यही कारण है कि विधानसभा चुनाव प्रचार की शुरुआत भी उन्होंने अपने पुत्र के चुनाव क्षेत्र से किया, जबकि वहां मतदान तीसरे चरण में होना है। 

कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने कहा, “भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। आज भाजपा जहां तक पहुंची है, उसमें नेताओं का नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं का योगदान है।”

शाह ने लालू पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा आरक्षण का समर्थन करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले भी आरक्षण के पक्ष में थी और अब भी है। 

उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव तक आराम नहीं करने की नसीहत देते हुए अपील की कि कार्यकर्ता घर-घर तक जाएं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को उन तक पहुचाएं। 

AGENCY

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button