राज्य

महागठबंधन के तहत जंगल राज लौटेगा: अमित शाह

मुजफ्फरपुर/कटिहार: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने चेतावनी दी कि यदि बिहार में महागठबंधन सत्ता में आया तो यह ‘जंगल राज..2’ होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भ्रष्ट कांग्रेस का प्रतीक चिह्न हैं और राजद के साथ राज्य प्रगति नहीं करेगा।

शाह ने मुजफ्फरपुर शहर के नेहरू स्टेडियम में पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस केंद्र में संप्रग शासन के तहत घोटाले को 12 लाख करोड़ रूपये तक ले गई और राजद ने अपने शासन के 15 साल के दौरान जंगल राज चलाया..इन दो सहयोगियों को अपने साथ रखकर नीतीश बिहार में विकास कैसे ला सकते हैं।

बिहार में मतदाताओं से जदयू के वरिष्ठ नेता के झांसे में नहीं आने की अपील करते हुए शाह ने चेतावनी दी कि महा धर्मनिरपेक्ष गठबंधन के जीतने पर बिहार में जंगल राज..2 आ जाएगा।

नीतीश को राजनीतिक दगाबाजी में महारत रखने वाला बताते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वह :जदयू नेता: बिहार और राज्य के लोगों के लिए विश्वसनीय नहीं होंगे।

बाद में उन्होंने सीमांचल क्षेत्र के कटिहार में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यदि राजग राज्य की सत्ता में आया तो, ‘‘बिहार विकास की सुनामी देखेगा।’’ उन्होंने कहा कि नीतीश के एक कंधे पर जंगल राज के प्रतीक राजद प्रमुख लालू प्रसाद हैं जबकि उनके दूसरे कंधे पर भ्रष्ट कांग्रेस है। वह उनके लिए सिर्फ एक प्रतीक चिह्न भर हैं।

हालांकि, इस मुस्लिम बहुल सीमांचल क्षेत्र में आखिरी चरण के तहत पांच नवंबर को मतदान होना है पर भाजपा यहां मजबूती से उभरने के लिए पूरा जोर लगा रही है।

शाह ने कहा कि कुमार ने प्रधानमंत्री पद की अपनी लालसा को लेकर भाजपा से गठजोड़ तोड़ कर जनादेश के साथ विश्वासघात किया और राजद प्रमुख से हाथ मिला लिया जिनके खिलाफ उन्होंने जीवन भर लड़ाई लड़ी थी। लालू ने भी कांग्रेस से हाथ मिला लिया, जिस पार्टी के खिलाफ राम मनोहर लोहिया और जयप्रकाश नारायण जैसे सामाजवादी हस्तियों ने जीवन भर संघर्ष किया।

AGENCY

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button