बाजार

स्मार्ट सिटी परियोजना के लिए विदेशी कंपनियां उत्सुक

पेरिस: भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वकांक्षी ‘स्मार्ट सिटी’ परियोजना के लिए दुनियाभर की कंपनियों ने निविदा दाखिल की है। शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू ने यह जानकारी देते हुए कहा कि फ्रांसीसी कंपनियां तीन शहरों- पांडिचेरी, नागपुर और चंडीगढ़ के विकास का जिम्मा लेना चाहती हैं।

फ्रांस की तीन दिवसीय यात्रा के लिए गए नायडू ने मीडिया इंडिया ग्रुप को दिए एक साक्षात्कार में सरकार की 100 स्मार्ट शहर बसाने की परियोजना में शामिल होने के लिए और अधिक लोगों को आमंत्रित किया। 

नायडू ने कहा, “जर्मनी, सिंगापुर, अमेरिका और जापान भी ऐसी इच्छा जाहिर की है। हमने प्रत्येक शहर के लिए 50 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। इसके अतिरिक्त जरूरी रकम जुटाने की जिम्मेदारी नगर प्रशासन और निजी क्षेत्र की कंपनियों पर है।”

नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी सभी परियोजनाओं – डिजिटल इंडिया से लेकर स्वच्छ भारत अभियान और स्मार्ट शहर परियोजना सभी में आम नागरिकों की भागीदारी के प्रयास किए हैं। 

नायडू ने कहा, “प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया है कि इन परियोजनाओं की रूपरेखा सरकारी कार्यालयों में नहीं तैयार की गई जो कि केवल सरकारी अधिकारियों द्वारा ही लागू की जा सकें। इन सबमें हमें लोगों की भागीदारी की जरूरत है और हमें इनमें अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।”

नायडू ने कहा, “स्वच्छ भारत अभियान में खेल जगत, सिनेमा और अन्य दिग्गज हस्तियां शामिल हैं। इसी प्रकार स्मार्ट शहर परियोजना में भी हमें केवल स्मार्ट बुनियादी ढांचे और इमारतें ही नहीं, स्मार्ट लोगों को भी शामिल करने की जरूरत है। “

बोरडियॉक्स की अपनी यात्रा में नायडू ने अन्य 30 देशों के मंत्रियों के साथ एक ‘ग्लोबल इंटेलिजेंट टांसपोर्ट’ सम्मेलन में हिस्सा लिया था। नायडू ने कहा कि सम्मेलन और उसके साथ लगी प्रदर्शनी में काफी कुछ सीखने को मिला। 

नायडू ने कहा, “जरूरी है कि हमें यह जानकारी हो कि बाकी दुनिया क्या कर रही है ताकि हम इनमें से अपने देश के अनुरूप सर्वश्रेष्ठ उपायों का उपयोग कर सकें।”

रणवीर नायर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button