राज्य

नीतीश अपराध के कंधों पर बैठ कर रहे विकास की बात: अमित शाह

सुपौल: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने यहां सोमवार को कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपराध और भ्रष्टाचार के कंधों पर बैठकर बिहार के विकास की बात कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और अपराध के साथ बिहार में ‘जंगलराज-दो’ आ जाएगा। सुपौल के स्टेडियम मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नीतीश-लालू की जोड़ी ने बिहार को बदहाल कर दिया। लालू-नीतीश की जोड़ी ने ही बिहार में 25 सालों तक राज किया है। अब विकास की बात कर रहे हैं। इतने दिन बर्बाद किया, तब विकास की याद नहीं आई। 

उन्होंने नीतीश को धोखेबाज बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री बनने की महत्वकांक्षा में नीतीश ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का साथ छोड़ दिया और अब मुख्यमंत्री बनने के लिए बिहार में जंगलराज लाने वाले लालू तथा कांग्रेस के भ्रष्टाचार के कंधे पर सवार हो गए हैं। 

शाह ने कहा कि बिहार का यह चुनाव बिहार के लिए नहीं, देश के लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण है। बिहार चुनाव ‘विकास’ बनाम ‘जंगलराज’ के नाम पर लड़ा जा रहा है। एक तरफ विकास करने वाली भाजपा है तो दूसरी तरफ जंगलराज लाने वाले लालू और नीतीश हैं। 

उन्होंने राजग के उम्मीदवारों को विजयी बनाने की आह्वान करते हुए कहा कि अब तक कई पार्टियों को आपने देख लिया, परंतु बिहार विकास नहीं कर सका। एक बार राजग को सत्ता दीजिए, हमलोग बिहार को नंबर एक राज्य बनाकर देंगे। 

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय विचारधारा के साथ देश में परिवर्तन लाने वाली पार्टी है। हमारी पार्टी कार्यकर्ताओं के दम पर चुनाव जीतती है। 

उल्लेखनीय है कि शाह इन दिनों बिहार में डेरा डाले हुए हैं और लगातार विभिन्न क्षेत्रों में जनसभाएं व कार्यकर्ता सम्मेलन कर रहे हैं। 

AGENCY

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button