देश/विदेश

रोहित पर भारी डुमिनी की पारी, दक्षिण अफ्रीका सात विकेट से जीता

धर्मशाला: जेपी डुमिनी के नाबाद तूफानी अर्धशतक की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने आज यहां पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में रोहित शर्मा के पहले शतक पर पानी फेरते हुए भारत को सात विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली।

भारत के 200 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने अफ्रीका ने डुमिनी :नाबाद 68: और फरहान बेहरदीन :नाबाद 32: के बीच चौथे विकेट की 9 . 1 ओवर में 105 रन की अटूट साझेदारी की बदौलत दो गेंद शेष रहते तीन विकेट पर 200 रन बनाकर जीत दर्ज की। एबी डिविलियर्स :51: और हाशिम अमला :36: ने भी उम्दा पारियां खेली। डुमिनी ने 34 गेंद का सामना करते हुए एक चौका और सात छक्के जड़े।

इससे पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक जड़ने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा :106: के पहले शतक और विराट कोहली :43: के साथ उनकी दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 12 . 2 ओवर में 138 रन की रिकार्ड साझेदारी से भारत ने पांच विकेट पर 199 रन बनाए। रोहित ने 66 गेंद में 12 चौकों और पांच छक्कों की मदद से भारत की ओर से सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत पारी खेली।

भारत के खिलाफ नौ मैचों में यह दक्षिण अफ्रीका की तीसरी जीत है। श्रृंखला का दूसरा मैच अब पांच अक्तूबर को कटक में खेला जाएगा।

रोहित और कोहली की यह साझेदारी भारत की ओर से किसी भी विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी भी है। इससे पहले का रिकार्ड वीरंेद्र सहवाग और गौतम गंभीर के नाम था जिन्हौंने 19 सितंबर 2007 को इंग्लैंड के खिलाफ डरबन में पहले विकेट के लिए 136 रन जोड़े थे।

रोहित भारत के सिर्फ दूसरे बल्लेबाज हैं जिन्हौंने अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में शतक जड़ा है। इससे पहले यह उपलब्धि सिर्फ सुरेश रैना के नाम दर्ज की। वह यह कारनामा करने वाले दुनिया के 13वें बल्लेबाज हैं। 

भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना सर्वाधिक स्कोर खड़ा किया। इससे पहले भारत ने मई 2010 में ग्रास आइलेट में इस टीम के खिलाफ पांच विकेट पर 186 रन बनाए थे। यह भारत का टी20 में चौथा सर्वाधिक स्कोर भी है लेकिन इसके बावजूद टीम को हार झेलनी पड़ी।

अमला और डिविलियर्स की सलामी जोड़ी ने 7 . 4 ओवर में 77 रन जोड़कर दक्षिण अफ्रीका को तूफानी शुरूआत दिलाई। दोनांे ने पावर प्ले के छह ओवर में बिना विकेट गंवाए 67 रन जोड़े। डिविलियर्स ने पदार्पण कर रहे बायें हाथ के तेज गेंदबाज श्रीनाथ अरविंद का स्वागत छक्के और चौके के साथ किया। अमला हालांकि 32 रन के निजी स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब बायंे हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल की गेंद पर विकेटकीपर कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने उनका मुश्किल कैच टपका दिया।

अमला हालांकि जीवनदान का फायदा नहीं उठा पाए और रविंद्रन अश्विन की गंेद पर गैरजरूरी दो रन लेने की कोशिश में रन आउट हो गए। उन्हौंने 24 गेंद का सामना करते हुए पांच चौके मारे।

डिविलियर्स ने अश्विन पर चौके के साथ 31 गेंद में अर्धशतक पूरा किया लेकिन इस आफ स्पिनर ने अगली गेंद पर उन्हें बोल्ड कर दिया। डिविलियर्स ने सात चौके और एक छक्का जड़ा।

अगले ओवर में कप्तान फाफ डु प्लेसिस :04: भी अरविंद की गेंद को विकेट पर खेल बैठे जिससे दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट पर 95 रन हो गया। अरविंद का यह पहला अंतरराष्ट्रीय विकेट है।

जेपी डुमिनी और फरहान बेहरदीन ने इसके बाद पारी को संभाला। दोनों ने धीमी शुरूआत के बाद अच्छे शाट खेले। डुमिनी ने अक्षर पर छक्का जड़ा जबकि बेहरदीन ने मोहित शर्मा पर दो चौके मारे और अश्विन पर छक्का मारा।

दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए अंतिम पांच ओवर में 66 रन की दरकार थी। डुमिनी ने 16वें ओवर में अक्षर पर लगातार तीन छक्कों के साथ तेवर दिखाए। इस ओवर में 22 रन बने। 

डुमिनी ने मोहित पर छक्के और फिर 19वें भुवनेश्वर पर चौके के साथ 28 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने अगली गेंद पर छक्के के साथ दक्षिण अफ्रीका को लक्ष्य के करीब पहुंचाया।

दक्षिण अफ्रीका को अंतिम ओवर में 10 रन की जरूरत थी। डुमिनी ने अरविंद पर छक्का जड़ा और फिर एक रन के साथ टीम की जीत सुनिश्चित की। बेहरदीन ने 23 गेंद का सामना करते हुए चार चौके और एक छक्का मारा।

इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने इसे गलत साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। सलामी बल्लेबाज रोहित शुरू से ही लय में दिखे और उन्होंने तेज गेंदबाज काइल एबट पर चौके के साथ खाता खोलने के बाद मर्चेंट डि लेंगे पर दो चौके भी मारे।

शिखर धवन :03: हालांकि दुर्भाग्यशाली रहे जब पारी के चौथे ओवर में कागिसो रबादा की गेंद पर डि लेंगे के ओवरथ्रो का फायदा उठाकर दूसरा रन लेने की कोशिश में रन आउट हो गए।

रोहित ने इसके बाद तेज गेंदबाज क्रिस मौरिस का स्वागत चौके और छक्के के साथ किया और पावर प्ले के छह ओवर में टीम का स्कोर एक विकेट पर 46 रन तक पहुंचाया।

डु प्लेसिस ने अगले ओवर में लेग स्पिनर इमरान ताहिर को पहली बार गेंदबाजी पर लगाया और रोहित ने उनकी गेंद पर एक रन के साथ टीम इंडिया के रनों का अर्धशतक पूरा किया।

भारत के टेस्ट कप्तान कोहली ने भी इसके बाद तेवर दिखाते हुए मौरिस की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा।

रोहित ने एबट की गेंद की दो चौकों के साथ 39 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। 

भारतीय जोड़ी ने 12वें ओवर में ताहिर को निशाना बनाया। रोहित ने उनकी पहली गेंद को डीप मिडविकेट पर छह रन के लिए भेजकर टीम का स्कोर 100 रन तक पहुंचाया। इसी ओवर में कोहली ने भी लगातार दो छक्के मारे। वह पहले छक्के के साथ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 1000 रन पूरे करने में भी सफल रहे।

अपना 29वां मैच खेल रहे कोहली यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के 20वें और भारत के पहले बल्लेबाज हैं। कोहली ने सिर्फ 27वीं पारी में 1000 रन पूरे किए जो नया रिकार्ड है।

रोहित ने अगले ओवर में रबादा पर दो छक्कों के साथ कोहली के साथ शतकीय साझेदारी भी पूरी की।

रोहित ने इसके बाद डि लेंगे की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ 62 गेंद मंे अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा किया। उनसे पहले सिर्फ सुरेश रैना :मई 2010 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ: ने ही यह कारनामा किया था।

कोहली हालांकि अगले ओवर मंे एबट की गेंद को पुल करने की कोशिश में जेपी डुमिनी को आसान कैच दे बैठे। उन्हांेेने 27 गेंद की अपनी पारी में एक चौका और तीन छक्के मारे।

रोहित भी दो गेंद बाद एबट की गेंद को पुल करने की कोशिश मंे मौरिस को लांग लेग पर कैच पकड़ा गए।

सुरेश रैना ने रबादा और डि लेंगे पर छक्के मारे लेकिन आठ गेंद में 14 रन बनाने के बाद मौरिस की गेंद पर पगबाधा हो गए।

भारतीय टीम अंतिम पांच ओवर में 41 रन ही जोड़ सकी। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी :12 गेंद में 20 रन: ने एबट की पारी की अंतिम गेंद पर छक्के के साथ टीम का स्कोर 200 रन की दहलीज तक पहुंचाया।

दक्षिण अफ्रीका की ओर से एबट सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्हौंने 29 रन देकर दो विकेट हासिल किए। डि लेंगे और मौरिस काफी महंगे साबित हुए। दोनों ने चार ओवर में क्रमश: 47 और 46 रन लुटाए। मौरिस को एक विकेट मिला। 

AGENCY

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button